बेंगलुरु, 29 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई ने पूर्व विधायक एम. पी. रेणुकाचार्य को उनकी ‘पार्टी विरोधी’ टिप्पणियों को लेकर बृहस्पतिवार को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया।
रेणुकाचार्च को पार्टी की प्रदेश अनुशासनात्मक समिति की ओर से जारी किये गये ‘कारण बताओ’ नोटिस का लिखित जवाब देने के लिए एक सप्ताह का वक्त दिया गया है।
रेणुकाचार्य ने बृहस्पतिवार को कहा था कि विधानसभा में हार की जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कटील को अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।
पूर्व मंत्री रेणुकाचार्य ने किसी का नाम लिये बगैर पार्टी नेताओं पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भाजपा कार्यालय ‘कोरपोरेट कार्यालय’ में तब्दील कर दिया गया है। उन्होंने इन नेताओं से आत्मनिरीक्षण करने तथा लोकसभा चुनाव, जिला एवं तालुक पंचायत चुनावों के वास्ते पार्टी को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा उठाने के लिए काम करने की अपील की।
रेणुकाचार्य को भेजे नोटिस में समिति के अध्यक्ष लिंगराज पाटिल ने कहा, ‘‘आपको कई बार समझाने के बाद भी आपने मीडिया के सामने राज्य और केंद्र के पार्टी नेताओं के विरुद्ध बार-बार बयान दिये, जिससे पार्टी के लिए असहज स्थिति उत्पन्न हुई। प्रदेश अनुशासनात्मक समिति इसका गंभीर संज्ञान लेते हुए आपको ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी कर रही है और आपसे पूछा जा रहा है कि क्यों न आपके खिलाफ अनुसानात्मक कार्रवाई की जाए?’’
नोटिस में कहा गया है, ‘‘नोटिस मिलने के एक सप्ताह के अंदर आपको लिखित जवाब देने का निर्देश दिया जाता है।’’
इससे पहले रेणुकाचार्य ने आज दिन में आरोप लगाया था कि पार्टी कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने किसी का नाम लिये बगैर कुछ नेताओं से तानाशाही रवैया छोड़ने का आह्वान किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY