चंडीगढ़, एक दिसंबर शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को यहां पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की और कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में एक गुरुद्वारे में हाल में हुई झड़प की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की। झड़प में होमगार्ड के एक जवान की मौत हो गई थी।
एसएडी के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने किया। बादल ने आरोप लगाया कि कपूरथला पुलिस " सुबह असॉल्ट राइफल के साथ गुरुद्वारा परिसर में घुसी और अंधाधुंध गोलीबारी की।’’
बादल ने कहा कि ‘इस संबंध में साक्ष्य राज्यपाल को सौंप दिये गये हैं।’’ शिअद ने राज्यपाल से 23 नवंबर को सुल्तानपुर लोधी में गुरुद्वारा अकाल बुंगा साहिब पर ‘‘बेअदबी करते हुए सशस्त्र हमले के विपक्षी दल के आरोप की सीबीआई जांच की सिफारिश करने’’ का अनुरोध किया।
शिअद ने आरोप लगाया कि इससे दुनिया भर में सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
बादल के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल द्वारा राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है, ‘‘सुबह चार बजे (23 नवंबर को) जब शांतिपूर्ण संगत गुरबानी का पाठ कर रही थी, उस पर सशस्त्र हमले ने सिखों को 1984 में अमृतसर में श्री दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) पर इसी तरह के हमले की याद दिला दी है। दुनिया भर के सिख नाराज हैं और वे इस जघन्य कृत्य के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।’’
कपूरथला में 23 नवंबर को गुरुद्वारा अकाल बुंगा साहिब में निहंगों के एक समूह द्वारा ‘अकारण’ गोलीबारी की घटना में होम गार्ड के एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब पुलिसकर्मियों ने निहंगों के एक गुट से गुरुद्वारा खाली कराने की कोशिश की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY