देश की खबरें | न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई का चयन पीसीआई के नए प्रमुख के तौर पर किया गया: सूत्र

नयी दिल्ली, 14 जून उच्चतम न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई का चयन भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) के अध्यक्ष के तौर पर किया गया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

न्यायमूर्ति देसाई ने जम्मू कश्मीर परिसीमन आयोग की हाल में अध्यक्षता की है, जिसका गठन केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन करने के लिए किया गया था।

सूत्रों ने बताया कि उपराष्ट्रपति एम वेकैंया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पीसीआई के सदस्य प्रकाश दूबे की समिति ने मंगलवार को हुई बैठक में पीसीआई के अध्यक्ष के तौर पर न्यायमूर्ति देसाई की नियुक्ति को मंजूरी दे दी।

न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) देसाई बंबई उच्च न्यायालय में भी न्यायाधीश रही हैं।

उन्होंने कहा कि पीसीआई प्रमुख के तौर पर न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) की नियुक्ति के संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि मीडिया पर निगरानी रखने वाली संस्था के अन्य सदस्यों को भी जल्द नियुक्त जाएगा।

पीसीआई अध्यक्ष का पद पिछले साल नवंबर से खाली पड़ा है, जब न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) चंद्रमौली कुमार प्रसाद का कार्यकाल पूरा हो गया था और उन्होंने पद छोड़ दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)