देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर में आपराधिक साजिश और जबरन वसूली के आरोप में पत्रकार गिरफ्तार

श्रीनगर, 15 सितंबर श्रीनगर में आपराधिक साजिश और जबरन वसूली के आरोप में एक पत्रकार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि स्थानीय अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शहर के पीरबाग इलाके के निवासी माजिद हैदरी को गिरफ्तार कर लिया।

श्रीनगर पुलिस ने ‘एक्स’ पर लिखा, “जेएमआईसी श्रीनगर की माननीय अदालत के आदेश के आधार पर सदर पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 120-बी, 177,386,500 के तहत प्राथमिकी संख्या 88/2023 दर्ज की गई। पीरबाग के निवासी माजिद हैदरी को आपराधिक साजिश, धमकी, जबरन वसूली, झूठी जानकारी देने, मानहानि आदि के आरोप में गिरफ्तार किया गया।”

कई समाचार पत्रों और पोर्टल में काम कर चुके पत्रकार हैदरी एक राजनीतिक विश्लेषक के रूप में टीवी समाचार चैनलों पर भी नियमित रूप से दिखाई देते हैं।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने पत्रकार की गिरफ्तारी की निंदा की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “कल देर रात माजिद हैदरी की गिरफ्तारी ने ठगों और कुछ खुफिया एजेंसियों के बीच साठगांठ को उजागर कर दिया है। बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के उन्हें एक वांछित आतंकवादी की तरह उनके घर से घसीटकर ले जाया गया। उनकी मां और बहन ने वारंट दिखाने का अनुरोध किया लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। इस तरह घोटालों को उजागर करने वाले पत्रकारों पर डराने-धमकाने और मानहानि का आरोप लगाया जाता है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)