देश की खबरें | झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी समिति ने लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की

रांची, 22 फरवरी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को प्रदेश की सभी 14 लोकसभा सीट पर जीत सुनिश्चित करने और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन को मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।

चंपई सोरेन की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास पर यह बैठक हु‍ई।

झामुमो के वरिष्ठ नेता और मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा, ''आगामी लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करने और राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक बुलाई गयी थी।''

उन्होंने कहा, ''समिति के सदस्यों ने सभी 14 लोकसभा सीट पर जीत सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है।''

उन्होंने कहा, ''हम ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार में भी कुछ सीट पर चुनाव लड़ेंगे। हम भाजपा को केंद्र की सत्ता से हटाने के लिए ज्यादा से ज्यादा सीट पर जीत हासिल करने का प्रयास करेंगे।''

झामुमो नेता सरफराज अहमद ने कहा कि पिछली हेमंत सोरेन सरकार के दौरान किये गये कार्यों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)