देश की खबरें | जम्मू कश्मीर के ‘मिशन यूथ’, गुजरात के अंग प्रतिरोपण कार्यक्रम ने लोक प्रशासन में प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार जीता

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल जम्मू कश्मीर के युवाओं के जीवन में बदलाव लाने के लिए शुरू किया गया ‘मिशन यूथ’ और गुजरात में जरूरतमंदों को किया अंग प्रतिरोपण कार्यक्रम, लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार से शुक्रवार को सम्मानित की गई अग्रणी पहलों में शामिल थे।

इसके अलावा, राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम और देश में सामाजिक और आर्थिक बुनियादी ढांचे की योजना की ‘मैपिंग’ (रूपरेखा) की सुविधा के लिए ‘प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान’ को भी पुरस्कार के लिए चुना गया।

इसके साथ ही महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में अवैध शराब के कारोबार में लगे लोगों के जीवन को बदलने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘ऑपरेशन परिवर्तन’ और बच्चों की पोषण संबंधी आवश्यकता को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में 'संवर्धन' पहल को भी “नवोन्मेष (जिला) श्रेणी” के तहत सम्मान के लिए चुना गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 16वें लोक सेवा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विज्ञान भवन में पंद्रह पुरस्कार दिए गए। ‘लोक सेवा दिवस’ हर साल 21 अप्रैल को नौकरशाहों को नागरिकों के लिए खुद को फिर से समर्पित करने और जनता के लिए अपनी प्रतिबद्धताओं, सेवा और काम में उत्कृष्टता को नवीनीकृत करने के अवसर के रूप में मनाया जाता है।

पुरस्कारों के लिए दौड़ में 748 जिलों ने भाग लिया और 2,520 नामांकन प्राप्त हुए।

लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार 2022 “नवाचार” के लिए तीन श्रेणियों - केंद्र, राज्य और जिला- में दिए गए।

इसके अलावा, केंद्र के चार प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों - हर घर जल योजना के माध्यम से स्वच्छ जल को बढ़ावा देना, स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों के माध्यम से स्वस्थ भारत को बढ़ावा देना, आकांक्षी जिला कार्यक्रम के माध्यम से समग्र शिक्षा और समग्र विकास के माध्यम से एक समान और समावेशी कक्षा के वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना- के तहत उल्लेखनीय कार्य के लिए भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम और उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग द्वारा पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान को नवाचार (केंद्र) श्रेणी के पुरस्कारों के लिए चुना गया।

जम्मू कश्मीर के ‘मिशन यूथ’ और ‘स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन’ (एसओटीटीओ), गुजरात ने ‘नवाचार (राज्य) श्रेणी” के तहत पुरस्कार जीता।

गुजरात ने 2005 में मृत लोगों से जरूरतमंदों को अंग प्रतिरोपण कार्यक्रम विकसित किया और 2019 में एसओटीटीओ की स्थापना के साथ इसे और मजबूत किया, ताकि अंग दान की कमी के चलते जाने वाली जानों को बचाया जा सके।

नवाचार (जिला) श्रेणी के तहत पुरस्कार जीतने वाली उत्तर प्रदेश के रामपुर प्रशासन की ‘संवर्धन पहल’ का उद्देश्य ‘वोकल फॉर लोकल’ (स्थानीय के लिये मुखर) के आदर्श वाक्य का पालन करके किसानों/किसान उत्पादक संगठनों की आय के स्तर को बढ़ाना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)