जरुरी जानकारी | रिलायंस से अलग हुई जियो फाइनेंशियल का मूल्यांकन 21 अरब डॉलर

नयी दिल्ली, 20 जुलाई रिलायंस इंडस्ट्रीज से अलग हुई वित्तीय सेवा कंपनी जेएफसीएल का बाजार मूल्य करीब 21 अरब डॉलर आंका गया है जो उसे अडाणी समूह की कंपनियों, कोल इंडिया और इंडियन ऑयल से भी आगे खड़ा कर देता है।

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफसीएल) के शेयर मूल्य 261.85 रुपये के आधार पर कंपनी का यह मूल्यांकन निकाला गया है।

देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज अब शेयर बाजारों में अपनी वित्तीय सेवा इकाई के बगैर ही कारोबार करेगी।

बुधवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के बंद भाव 2,841.85 रुपये और बृहस्पतिवार को बाजार में नियमित कारोबार शुरू होने के पहले आयोजित एक घंटे के विशेष सत्र के अंत में रहे 2,580 रुपये के भाव के अंतर यानी 261.85 रुपये कंपनी के शेयर का मूल्य तय किया गया है।

इस आधार पर जेएफसीएल के शेयरों का कुल पूंजीकरण 1,72,000 करोड़ रुपये यानी 21 अरब डॉलर से भी अधिक होगा। इस मूल्यांकन के साथ जेएफसीएल बाजार पूंजीकरण के हिसाब से देश की 32वीं मूल्यवान कंपनी बन जाएगी।

इस तरह वह अडाणी पोर्ट्स, अडाणी ग्रीन, टाटा स्टील, कोल इंडिया, एचडीएफसी लाइफ, इंडियन ऑयल और बजाज ऑटो को भी पीछे छोड़ देगी।

जेएफसीएल के शेयर कारोबार के लिए निकट भविष्य में उपलब्ध होंगे।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)