रांची, 19 फरवरी झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल चंद्रापुरम् पोन्नूस्वामी राधाकृष्णन ने रविवार को यहां कहा कि झारखंड अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है और इस राज्य में असीम खेल प्रतिभाएं निहित हैं जिन्होंने अपनी प्रतिभा से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।
राज्यपाल राधाकृष्णन ने आज यहां ‘सांसद खेल महोत्सव’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि इस राज्य में असीम खेल प्रतिभाएं निहित हैं जिन्हें प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने कहा, ‘‘हमारे युवाओं को प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ना चाहिए, उन्हें उत्कृष्टता हासिल करनी होगी। वे यह संकल्प लें कि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं।’’
राज्यपाल ने कहा कि यह राज्य महान खिलाड़ी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की भूमि है और वह उस हॉकी टीम के कप्तान थे जिसने 1928 के ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था।
उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट की दुनिया में बहुत बड़ा नाम अर्जित किया है और अपने खेल से सबको प्रभावित किया।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, अरुणा मिश्रा, दीपिका, रूपा रानी तिर्की, लवली चौबे, चंदन कुमार सिंह समेत अन्य खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्कृष्ट खेल प्रतिभा मौजूद हैं, जिन्हें आगे लाने की जरूरत है।
इन्दु
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY