कोहिमा, 30 जून जनता दल (यू) ने बृस्पतिवार को भरोसा दिया कि वह नगा मुद्दे को संसद में उठाएगी और केंद्र से इस विवादास्पद समस्या का समाधान तलाशने के लिए कहेगी।
जदयू के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्लन सिंह ने कहा कि भाजपा, नगालैंड में सर्वदलीय सरकार का हिस्सा है और उसने वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले (नगा समस्या के लिए) ‘‘समाधान के लिए चुनाव’’ की प्रतिबद्धता जताई थी। हालांकि, विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल समाप्त होने को आ रहा है लेकिन अबतक इसे पूरा नहीं किया गया है।
लल्लन सिंह ने कहा, ‘‘हम नगालैंड में देख रहे हैं कि प्रतिबद्धताओं को पूरा नहीं किया गया जिसकी वजह से यहां स्थायी शांति नहीं है। राज्य के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। जदयू स्थायी और दीर्घकालिक समाधान चाहती है। नगालैंड की जनता राज्य में शांति चाहती है और हम (जदयू) भी यही चाहते हैं।’’
लल्लन सिंह नगालैंड गए पार्टी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। यह प्रतिनिधिमंडल समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायाण की 120वीं जयंती पर पूरे साल चलने वाले समारोहों की तैयारियों की समीक्षा करने गया है।
जदयू अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के प्रतिनिधि कम से कम चार संगठनों से मुलाकात करेंगे जिनमें नगा पीपुल्स मूवमेंट फॉर ह्यूमन राइट, नगा होहो, ईस्टर्न नगालैंड पीपुल्स ऑर्गेनाइजेशन, ग्लोबल नगा फोरम शामिल हैं और उनसे इस मुद्दो पर चर्चा करेंगे।
जदयू अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रतिनिधिमंडल के सदस्य इस मुद्दे पर नगा राष्ट्रीय समूहों या राज्य सरकार के सदस्यों से मुलाकात नहीं करेंगे।
लल्लन सिंह ने कहा, ‘‘हम स्थिति का विश्लेषण करेंगे और इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे। हम भारत सरकार से निष्कर्ष पर पहुंचने को कहेंगे।’’
गौरतलब है कि जदयू भाजपा के नेतृत्व वाल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है और नगालैंड विधानसभा में उसका एक सदस्य है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY