देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर: शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने चिनाब घाटी में आतंकियों पर नकेल कसने के उपायों पर चर्चा की

बनिहाल/जम्मू, 25 फरवरी जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में मंगलवार को शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने बैठक की और चिनाब घाटी में आतंकियों के पारिस्थितिकी तंत्र पर नकेल कसने के लिए एक एकीकृत योजना पर चर्चा की। चिनाब घाटी में पिछले साल कई आतंकवादी घटनाएं हुई थी।

अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान मौजूदा ग्राम रक्षा गार्डों के पूरक के रूप में पूर्व सैनिकों को हथियार प्रदान करने की सरकार की योजना पर भी चर्चा की गई। यह बैठक धरमुंद सैन्य छावनी में हुई।

अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य पूर्व सैनिकों की विशेषज्ञता का उपयोग करना है ताकि वे आतंकवाद से सक्रिय रूप से मुकाबला कर सकें और समुदायों की सुरक्षा कर सकें।

बैठक की अध्यक्षता आतंकवाद निरोधक बल (डेल्टा) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल एपीएस बल ने की। इसमें अन्य लोगों के अलावा जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिरीक्षक आर गोपाल कृष्ण राव भी शामिल हुए।

अधिकारियों ने बताया कि बैठक में डोडा-किश्तवाड़-रामबन क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक, सेक्टर कमांडर, कमांडिंग अधिकारी और डोडा, रामबन एवं किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और केंद्रीय एवं स्थानीय खुफिया एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।

अधिकारियों ने कहा कि यह ऐतिहासिक बैठक सेना, पुलिस, खुफिया एजेंसियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच मजबूत गठबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)