जम्मू, 30 मार्च जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने केंद्र शासित प्रदेश के लोगों से संकीर्ण विचारों से ऊपर उठने और एकता को बढ़ावा देने का रविवार को आग्रह किया।
सिन्हा ने गोस्वामी गुरु नाभा दास महाराज के 453वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उनकी शिक्षाओं की ‘‘शाश्वत प्रासंगिकता’’ और ‘‘हमारी समग्र संस्कृति’’ में उनके अपार योगदान का जिक्र किया।
सिन्हा ने कहा कि गुरु नाभा दास ने मानव को ईमानदार, सत्यनिष्ठ और सदाचारी जीवन जीने का मार्गदर्शन दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘अपने कार्यों के माध्यम से पूज्य ऋषि ने न केवल समाज को भक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया, बल्कि भारतीय सभ्यता और संस्कृति को पुनर्जीवित कर समाज में पुनः आत्मविश्वास का संचार किया है।’’
सिन्हा ने कहा, ‘‘गुरु नाभा दास ने समाज में जागृति और एकता पर जोर दिया और कहा कि भाईचारे की भावना से पूरे समाज को एकजुट होना चाहिए। उनका यह भी मानना था कि हर इंसान में करुणा और सेवा भाव होना चाहिए।’’
सिन्हा ने लोगों से संकीर्ण विचारों से ऊपर उठने और लोगों के बीच एकता को बढ़ावा देने का पुन: आह्वान किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY