श्रीनगर, 22 फरवरी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘व्हाट्सएप’ के माध्यम से दर्ज की गई शिकायत के बाद पहली बार ‘इलेक्ट्रॉनिक प्रथम सूचना रिपोर्ट’ (ई-एफआईआर) दर्ज की है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘डिजिटल पुलिसिंग’ की दिशा में एक अभूतपूर्व कदम उठाते हुए हंदवाड़ा के विलगाम पुलिस थाने ने ‘व्हाट्सएप’ के माध्यम से दर्ज की गई शिकायत के बाद पहली बार ई-एफआईआर दर्ज की है।’’
उन्होंने बताया कि कुपवाड़ा के हांजीपोरा निवासी इम्तियाज अहमद डार ने यह शिकयत दर्ज कराई थी। वह राज्य सड़क परिवहन निगम में चालक के तौर पर काम करता है।
शिकायत के अनुसार, यह घटना दिन में उस दौरान हुई जब डार तराथपोरा से श्रीनगर जा रहे थे।
प्रवक्ता ने बताया कि चालक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि विलगाम पहुंचने पर उन्हें गलत तरीके से रोका गया और विलगाम के शहनीपोरा निवासी आशिक हुसैन भट और गौहर अहमद भट नामक दो व्यक्तियों ने उन पर हमला किया।
प्रवक्ता के अनुसार, पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें चोट पहुंचाईं।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत के जवाब में विलगाम पुलिस थाने ने तुरंत बीएनएस की धारा 115(2) और 126(2) के तहत ‘ई-एफआईआर’ दर्ज की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY