देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर : राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले में अदालती फैसले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

श्रीनगर/जम्मू, सात जुलाई आपराधिक मानहानि के एक मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोष सिद्धि और दो साल कारावास की सजा को स्थगित करने के अनुरोध वाली उनकी याचिका खारिज करने वाले गुजरात उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।

अदालत के फैसले के तुरंत बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता श्रीनगर में पार्टी कार्यालय पर जमा हो गए। उन्होंने कहा कि फैसला वैसा ही आया है जैसी आशंका थी और देश के लिए यह ‘काला दिन है।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारिक हमीद कर्रा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देश का शासन जिस तरीके से चल रहा है, इसका पूरी आशंका है कि वर्तमान सरकार द्वारा कोई भी ‘घिनौना कृत्य’ किया जा सकता है।

जम्मू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किए और भाजपा विरोधी नारे लगाए।

जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष रमण भल्ला ने कहा, ‘‘यह मुकदमा लड़ने और न्याय पाने के लिए कांग्रेस उच्चतम न्यायालय जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी को भारत की न्यापालिका पर पूरा भरोसा है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर बलवान सिंह ने नरेन्द्र मोदी नीत सरकार पर ‘बदले की राजनीति’ करने और ‘संविधान तथा लोकतंत्र पर लगातार हमले करने’ का आरोप लगाया।

सिंह ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘वे राहुल गांधी को निशाना बनाने के लिए हर संभव तरीका अपना रहे हैं। वे प्रधानमंत्री की कुर्सी की ओर राहुल गांधी की यात्रा को रोकना चाहते हैं क्योंकि भाजपा को 2024 लोकसभा चुनाव में हारने का डर सता रहा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)