वाशिंगटन, 27 जून अमेरिका की प्रतिनिधिसभा ने जैन मुनि आचार्य लोकेश को आधिकारिक मुहर और संसदीय प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया है।
अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक जैन मुनि अमेरिका की एक महीने लंबी शांति और सौहार्द यात्रा पर थे।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जैन मुनि आचार्य लोकेश को वाशिंगटन में अमेरिकी प्रतिनिधिसभा ने आधिकारिक मुहर, संसदीय प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया है। सांसद जेफर्सन वान ड्रू ने दुनिया में अहिंसा, शांति और सौहार्द को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए आचार्य लोकेश मुनि को सम्मानित किया।
विज्ञप्ति के अनुसार, आचार्य लोकेश मुनि को ‘‘दुनिया में अहिंसा, शांति, सौहार्द, मानवता, प्रेम और भाईचारे का संदेश पहुंचाने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य करने’’ और दुनिया से आतंकवाद, हिंसा और भेदभाव को समाप्त करने के लिए उनके प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि सांसद ड्रू ने जैन मुनि को ‘‘सभी के लिए प्रेरणादायक’’ बताते हुए कहा कि आचार्य लोकेश मुनि को सम्मानित करना सम्मान और गर्व की बात है।
आचार्य लोकेश मुनि ने इस अवसर पर अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि इस सम्मान का श्रेय प्राचीन भारतीय संस्कृति को जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह भगवान महावीर और उनके विचारों (उपदेशों) का सम्मान है।’’
अर्पणा अविनाश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY