देश की खबरें | आईटीबीपी ने पोर्टर के शव को 36 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर गांव तक पहुंचाया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

पिथौरागढ, दो सितंबर पिछले महीने एक घायल महिला को 40 किलोमीटर पैदल चलकर अस्पताल पहुंचाने वाले भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने एक पोर्टर के शव को कंधों पर लादकर 36 किलोमीटर की विषम पहाडी का सफर पैदल तय करते हुए उसे अंतिम संस्कार के लिए उसके गांव तक पहुंचाकर मानवता की एक और मिसाल पेश की है।

गत 28 अगस्त को भूपेंद्र सिंह राणा (30) की भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से गिरी एक चट्टान की चपेट में आकर मौत हो गई थी। राणा के शव को खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर के जरिए उसके गांव तक नहीं पहुंचाया जा सकता था।

यह भी पढ़े | Union Cabinet Approves Mission Karmayogi: मोदी सरकार ने मिशन कर्मयोगी योजना को दी मंजूरी, जम्मू-कश्मीर के लिए राज बिल भी पास.

आईटीबीपी के एक अधिकारी बलजिंदर सिंह ने कहा, ‘‘हमारे जवानों ने विषम पहाड़ी रास्तों के जरिए शव को ले जाने की चुनौती ली और इसके लिए उन्होंने 36 किलोमीटर का रास्ता तय करते हुए उसे उसके गांव मवानी-दवानी तक ले गये।’’

क्षेत्र के ग्रामीणों के अनुसार, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि आईटीबीपी उनकी मदद के लिए आगे आयी है।

यह भी पढ़े | P Chidambaram Attacks on PM Modi: भारत की गिरती अर्थव्यवस्था पर पीएम मोदी के 2013 के ट्वीट को लेकर पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम ने साधा निशाना, कहा- मैं भी यही कहना चाहता हूं.

कुछ दिन पहले भी 22 अगस्त को आईटीबीपी के जवानो ने मल्ला जोहार गांव की एक घायल महिला को 40 किलोमीटर दूर मुनस्यारी अस्पताल तक पहुंचाने के लिए 15 घंटे तक दुरूह पहाड़ी का रास्ता तय किया था।

व्यास घाटी के ग्रामीणों ने बताया कि राशन आपूर्ति बाधित होने पर आईटीबीपी न केवल स्थानीय लोगों को राशन उपलब्ध कराते है बल्कि क्षेत्र में जाने वाले यात्रियों को भी खाना और आश्रय देते हैं।

धारचूला के उपजिलाधिकारी ए के शुक्ला ने पिछले साल की एक घटना को याद करते हुए बताया कि कैलाश—मानसरोवर यात्रा के एक श्रद्धालु की नाभीढांग में मृत्यु हो गयी थी और तब उसके शव को धारचूला तक पहुंचाने में आईटीबीपी ही आगे आई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)