देश की खबरें | मंकीपॉक्स के मरीजों के लिए दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में पृथक वार्ड बनाया गया

नयी दिल्ली, 24 जुलाई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि यहां के लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) में मंकीपॉक्स से पीड़ित मरीजों के लिए पृथक वार्ड बनाया गया है।

राष्ट्रीय राजधानी के 34 वर्षीय एक व्यक्ति में मंकीपॉक्स की पुष्टि हुई है और उसका विदेश यात्रा का कोई इतिहास नहीं है। यह भारत में इस बीमारी का चौथा मामला है।

केजरीवाल ने लोगों से कहा कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मरीज की हालत स्थिर है और वह ठीक हो रहा है। घबराने की जरूरत नहीं है। स्थिति नियंत्रण में है। हमने एलएनजेपी में एक पृथक वार्ड बनाया है। हमारी सबसे अच्छी टीम इस संक्रमण को फैलने से रोकने और दिल्लीवासियों की सुरक्षा में जुटी है।’’

पहले केरल से मंकीपॉक्स के तीन मामले सामने आए थे। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शनिवार को मंकीपॉक्स को अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय बताते हुए वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था।

मंकीपॉक्स वायरस संक्रमित जानवरों से मनुष्यों में अप्रत्यक्ष या सीधे संपर्क के माध्यम से फैलता है।

वैश्विक स्तर पर 75 देशों से मंकीपॉक्स के 16,000 से अधिक मामले सामने आए हैं और इसके कारण अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। डब्ल्यूएचओ दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में भारत के अलावा थाईलैंड से एक मामला सामने आया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)