इस्लामाबाद, 17 अगस्त पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों के बीच इस्लामाबाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में ‘‘अल्पसंख्यक समुदायों और उनके उपासना स्थलों की सुरक्षा’’ के लिए 70 सदस्यीय विशेष इकाई का गठन किया।
इस्लामाबाद पुलिस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘70 जवानों (पुलिसकर्मियों) को अल्पसंख्यक सुरक्षा इकाई में तैनात किया गया है।’’ पोस्ट में कहा गया है कि सभी जिला पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्रों में अल्पसंख्यक पूजा स्थलों और समुदायों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होंगे।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की सिफारिशों के अनुसार स्थापित इकाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी संचालन) की देखरेख में काम करेगी। पुलिस ने कहा, ‘‘प्रत्येक डिविजन स्तर पर अल्पसंख्यक समितियों के साथ संपर्क मजबूत किया जाएगा।’’
पोस्ट में कहा गया है कि पुलिसकर्मियों को अल्पसंख्यक सुरक्षा इकाई के लिए हाल में हुई भर्ती से भी चुना गया है। यह कदम पंजाब की प्रांतीय राजधानी लाहौर से 130 किलोमीटर दूर फैसलाबाद जिले के जरांवाला शहर में ईशनिंदा के आरोप में गुस्साई भीड़ द्वारा 21 गिरजाघरों और ईसाइयों के कई घरों में तोड़फोड़ तथा आगजनी के एक दिन बाद उठाया गया है।
ईसाइयों के एक कब्रिस्तान और स्थानीय सहायक आयुक्त के कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई। जरांवाला इलाके में पुलिस ने बृहस्पतिवार को शांति बहाल करने के लिए ‘कर्फ्यू जैसा’ कदम उठाया और एक दिन पहले हिंसा में कथित संलिप्तता के लिए कट्टरपंथी इस्लामवादी संगठन तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) के कार्यकर्ताओं सहित 100 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
बुधवार को हुई हिंसा के बाद जरांवाला में 3,000 से अधिक पुलिसकर्मी और पाकिस्तान रेंजर्स की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। सरकार ने जरांवाला में धारा 144 लागू कर चार या अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी है। जरांवाला में बृहस्पतिवार को सभी शैक्षणिक संस्थान, व्यापारिक केंद्र और बाजार बंद रहे।
कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकड़ द्वारा जारी आदेशों के अनुरूप, पंजाब सरकार ने घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति बनाने के निर्देश जारी किए हैं।
पाकिस्तान में ईसाइयों और हिंदुओं सहित विभिन्न अल्पसंख्यकों पर अक्सर ईशनिंदा के आरोप लगाए जाते हैं और कुछ पर ईशनिंदा के तहत मुकदमा चलाया गया तथा उन्हें सजा भी दी गई। पिछले साल जून में सेंटर फॉर पीस एंड जस्टिस पाकिस्तान की एक रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय डेटाबेस और पंजीकरण प्राधिकरण से एकत्र किए गए आंकड़ों के आधार पर पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के 22,10,566 लोग तथा ईसाई समुदाय के 18,73,348 लोग रहते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY