देश की खबरें | ‘इश्किया’ ने मुझे मनचाहा किरदार निभाने का मौका दिया : विद्या बालन

मुंबई, 28 जून अभिनेत्री विद्या बालन ने बुधवार को कहा कि उनकी शुरुआती कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट हुई, लेकिन वह मुख्य पुरुष अभिनेताओं के साथ रोमांटिक भूमिकाएं निभाकर संतुष्ट नहीं थी और फिर ‘इश्किया’ ने उन्हें मनचाहा किरदार निभाने का मौका दिया।

बालन ने 2005 में ‘‘परिणीता’’ के साथ हिंदी फिल्म उद्योग में पदार्पण किया था और ‘इश्कियां’ से पहले ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘सलाम-ए-इश्क’, ‘किस्मत कनेक्शन’ और ‘हे बेबी’ जैसी फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं निभायी।

अभिनेत्री ने कहा, ‘‘मैंने पहले की अपनी कई फिल्मों में रोमांटिक किरदार निभाए, लेकिन यह संतोषजनक नहीं था। मुझे कुछ और अच्छा चाहिए था। मेरी कई फिल्मों ने अच्छी कमाई की तो कुछ लोग मुझे कहते थे, ‘क्या तुम सब कुछ बर्बाद करना चाहती हो? तुम्हें अच्छा काम मिल रहा है, करती रहो।’ मैंने सोचा, अच्छा काम व्यक्तिपरक होता है।’’

बालन ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगा कि मैं कुछ भी योगदान नहीं दे रही हूं और बिना सोचे-समझे वे भूमिकाएं और फिल्में कर रही हूं...उस वक्त, मुझे ‘इश्कियां’ में काम करने का मौका मिला, ऐसी महिला का किरदार जो अपनी मालकिन खुद है। जब मुझे वह फिल्म मिली तो मुझे लगा कि मैं इसका ही इंतजार कर रही थी।’’

वह हिंदी फिल्म उद्योग में लैंगिक पहचान से संबंधित एक नए अध्ययन की रिपोर्ट जारी करने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थीं।

‘‘द डर्टी पिक्चर’’ जैसी फिल्मों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी बालन ने कहा कि आज महिलाओं के लिए अधिक दिलचस्प किरदार लिखे जा रहे हैं।

वह अब ‘‘नीयत’’ फिल्म में दिखायी देंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)