सम्बेपल्ली (आंध्रप्रदेश), एक फरवरी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि उनकी आजीवन इच्छा राज्य के रायलसीमा क्षेत्र में हर एकड़ जमीन की सिंचाई करके धरती पुत्र होने का अपना कर्ज चुकाने की है।
मुख्यमंत्री ने अन्नामय्या जिले के सम्बेपल्ली गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एन टी रामाराव द्वारा शुरू किए गए इस मिशन को पूरा करना ही होगा।
एनटीआर भरोसा कल्याण पेंशन वितरण कार्यक्रम के अवसर पर नायडू ने कहा, ‘‘अपने जीवन में रायलसीमा के हर एकड़ जमीन तक पानी पहुंचाने की मेरी इच्छा है। मैं रायलसीमा का बेटा होने के नाते अपना कर्ज चुकाऊंगा। मुझे एनटीआर द्वारा शुरू किए गए इस कार्यक्रम को पूरा करना ही होगा।’’
तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के सुप्रीमो नायडू ने कहा कि इस मिशन को पूरा करने के लिए गोदावरी और पेन्ना नदियों को आपस में जोड़ना होगा जिसके लिए 80,000 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सोच रहा हूं कि क्या करना है। जब तक अभिनव कार्यक्रम शुरू नहीं किए जाते, ये संभव नहीं होंगे। हम केंद्र सरकार को मना लेंगे और आप (लोग) भी भगवान से प्रार्थना करें। अगर ऐसा होता है, तो रायलसीमा में अकाल का सवाल ही नहीं उठेगा।’’
नायडू ने कहा कि राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है लेकिन उनकी पिछली विरासत को देखते हुए लोगों ने उन पर भरोसा जताया है और उन्हें फिर से सत्ता में लाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन उम्मीदों पर खरा उतरते हुए तेदेपा की अगुवाई वाली सरकार ने विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र (वीएसपी), विशाखापत्तनम रेलवे जोन, पोलावरम, अमरावती और अन्य जैसी चार से पांच असंभव परियोजनाओं में जान फूंका है और धन लगाया है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा वह जल्द से जल्द हर स्कूल जाने वाले बच्चे को 15,000 रुपये प्रति वर्ष देने और मई से किसानों को 20,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने के चुनावी वादों को पूरा करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY