नयी दिल्ली, आठ दिसंबर इरकॉन में सरकार की शेयर बिक्री को संस्थागत और खुदरा, दोनों खंडों से अधिक अभिदान मिला। इससे सरकारी खजाने को लगभग 1,100 करोड़ रुपये जुटाने में मदद मिलेगी।
सरकार दो दिन की बिक्री पेशकश (ओएफएस) में इरकॉन में आठ प्रतिशत हिस्सेदारी यानी 7.53 करोड़ इक्विटी शेयर 154 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य पर बेच रही है।
शेयर बिक्री से सरकारी खजाने को करीब 1,100 करोड़ रुपये मिलेंगे।
निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) सचिव तुहिन कांत पांडे ने शुक्रवार को सोशल नेटवर्किंग मंच ‘एक्स’ पर लिखा है, “इरकॉन के ओएफएस को दूसरा दिन खुदरा निवेशकों की अच्छी दिलचस्पी के साथ 3.01 गुना अभिदान मिला।”
संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को इरकॉन इंटरनेशनल के 2,400 करोड़ रुपये मूल्य के 15.66 करोड़ से अधिक शेयरों के लिए बोली लगाई, जिससे उनके लिए आरक्षित हिस्से को 4.63 गुना अधिक अभिदान मिला था।
रेल इंजीनियरिंग एवं निर्माण कंपनी इरकॉन में सरकार के पास फिलहाल 73.18 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
चालू वित्त वर्ष में सरकार ने अबतक केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों में अल्पांश हिस्सेदारी बेचकर 8,859 करोड़ रुपये जुटाए हैं। वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में सार्वजनिक उद्यमों के विनिवेश से 51,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY