नयी दिल्ली, 22 जनवरी भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव जय शाह ने शनिवार को कहा कि बोर्ड मार्च के अंतिम सप्ताह से मई के अंत तक आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के 2022 सत्र को आयोजित करने के लिए तैयार है और टीम के मालिकों की इच्छा के अनुसार इसके आयोजन को भारत में करने की कोशिश की जायेगी।
सूत्रों की मानें तो लीग की संभावित शुरुआत की तारीख 27 मार्च है।
बीसीसीआई की ओर से जारी प्रेस नोट में शाह के हवाले से कहा गया, ‘‘मुझे यह पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है कि आईपीएल के 15वें सत्र का आगाज मार्च के अंतिम सप्ताह में होगा और मई के अंत तक चलेगा। टीम के अधिकांश मालिकों ने अपनी इच्छा व्यक्त की कि टूर्नामेंट भारत में आयोजित किया जाए।’’
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बोर्ड की पहली प्राथमिकता इस आयोजन को भारत में कराने की है।
शाह ने कहा, ‘‘बीसीसीआई दो नयी टीमों अहमदाबाद और लखनऊ के साथ 2022 सत्र का आयोजन भारत में करने को लेकर उत्सुक है। मैं आपको बता सकता हूं कि हम यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे कि आईपीएल का आयोजन भारत में हो।’’
बैठक में भाग लेने वाले सूत्रों के अनुसार यूएई और दक्षिण अफ्रीका भी इसके विकल्प हैं। शाह ने जोर देकर कहा कि खिलाड़ियों, मैच अधिकारियों सहित सभी हितधारकों की स्वास्थ्य सुरक्षा बोर्ड के लिए सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा, ‘‘ बीसीसीआई ने अतीत में अपने हितधारकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया है और साथ ही साथ ‘प्लान बी (वैकल्पिक योजना)’ पर काम करेगा क्योंकि कोविड-19 के नये स्वरूपों के साथ परिस्थितियां लगातार बदल रही हैं।’’
शाह ने कहा, ‘‘ आईपीएल के लिए खिलाड़ियों की बड़ी नीलामी 12 और 13 फरवरी को होगी और हम उससे पहले स्थलों पर फैसला कर लेंगे।’’
इससे पहले बीसीसीआई आईपीएल आयोजन के लिए दो तारीखों पर विचार कर रहा था। इसमें बोर्ड के कुछ अधिकारी और कुछ फ्रेंचाइजी मालिक लीग 27 मार्च से शुरू करना चाहते हैं तो वहीं कुछ अन्य प्रभावशाली लोग चाहते हैं कि यह बड़ी स्पर्धा दो अप्रैल से शुरू हो, जो लोढ़ा समिति की सिफारिशों के अनुरूप है।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई- से बताया , ‘‘ कुछ टीम मालिक इसे 27 मार्च को शुरू करने के पक्ष में है, लेकिन भारत को श्रीलंका के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय (टी20) मैच 18 मार्च को लखनऊ में खेलना है और फिर आपको लोढ़ा नियम के अनुसार 14 दिनों के अंतराल की आवश्यकता होती है। यही वजह है कि लीग की शुरुआत दो अप्रैल से हो सकती है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY