देश की खबरें | आईओए ने बीपीसीएल को चार साल के लिए मुख्य प्रायोजक बनाया

नयी दिल्ली, 23 जुलाई भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने मंगलवार को भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) को पेरिस ओलंपिक से 2028 लॉस एंजिल्स खेलों तक चार साल के लिए अपना आधिकारिक मुख्य प्रायोजक नामित किया।

  महारत्न कंपनी बीपीसीएल और आईओए के बीच सहयोग में राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों, युवा ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और शीतकालीन युवा ओलंपिक भी शामिल होंगे।

इस सहयोग के तहत बीपीसीएल पेरिस जाने वाले भारतीय दल का समर्थन करने के लिए तैयार किए गए अभियानों की श्रृंखला शुरू करेगा। इन पहलों का उद्देश्य राष्ट्र को प्रेरित करना, खिलाड़ियों के लिए समर्थन जुटाना और वैश्विक मंच पर उत्कृष्टता के लिए उनकी निरंतर खोज का जश्न मनाना है।

आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ हम पेरिस ओलंपिक 2024 से शुरू होने वाले चार साल की यात्रा के लिए एक प्रमुख भागीदार के रूप में भारतीय ओलंपिक संघ के साथ साझेदारी करने और भारतीय एथलीटों की क्षमता पर विश्वास जताने करने के लिए बीपीसीएल को धन्यवाद देते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ यह साझेदारी खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और भारत के लिए एक खाका तैयार करने की हमारी साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है।’’

देश के कई मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी बीपीसीएल के कर्मचारी है। इसमें 1980 में स्वर्ण पदक विजेता हॉकी टीम के खिलाड़ी एमएम सोमाया, 2016 और 2020 में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीतने वाली पीवी सिंधू और लंदन ओलंपिक (2012) में कांस्य पदक जीतने वाली साइना नेहवाल के अलावा तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली हॉकी टीम के पांच सदस्य शामिल है।

बीपीसीएल के चेयरमैन और महाप्रबंधक जी कृष्ण कुमार ने कहा, ‘‘हमारे देश की खेल प्रतिभाओं को उनके प्रारंभिक वर्षों से और उनके खेल करियर के दौरान पोषण और प्रोत्साहित करने के बीपीसीएल के सिद्धांत के तहत हमने पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न खेलों में 200 से अधिक खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम आईओए से साझेदारी कर के काफी खुश है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)