देश की खबरें | नए संसद भवन के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित करना, राष्ट्रपति व आदिवासी समुदाय का अपमान : आप

नयी दिल्ली, 22 मई आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को कहा कि नए संसद भवन के उद्घाटन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की जगह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया जाना राष्ट्रपति का और देश के आदिवासी तथा पिछड़े समुदायों का ‘‘अपमान’’ है।

‘आप’ के नेता एवं राज्यसभा के सदस्य संजय सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा कि यह सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘‘आदिवासी विरोधी, दलित विरोधी और पिछड़ा वर्ग विरोधी मानसिकता’’ को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी 28 मई को नवनिर्मित संसद भवन का उद्घाटन करने वाले हैं।

लोकसभा सचिवालय के अनुसार, लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने गत बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उन्हें नए संसद भवन का उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित किया था।

‘आप’ नेता ने सवाल किया, ‘‘क्या राष्ट्रपति का इससे अधिक अपमान हो सकता है?’’

सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन एक आदिवासी महिला को नए संसद भवन के उद्घाटन के लिए नहीं बुलाया जाना देश के ‘‘आदिवासी, दलित, पिछड़े और वंचित’’ वर्गों का भी अपमान है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)