जरुरी जानकारी | एनएससी, डाकघर जमाओं पर ब्याज दरें बढी, पीपीएफ में कोई बदलाव नहीं

नयी दिल्ली, 30 दिसंबर सरकार ने शुक्रवार को डाकघर सावधि जमा, एनएससी और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना सहित लघु बचत जमा योजनाओं पर ब्याज दरों में 1.1 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की। यह बढ़ोतरी एक जनवरी से लागू होगी।

सरकार की यह वृद्धि हाल में ब्याज दरों में हुई बढ़ोतरी के अनुरूप है।

हालांकि, सार्वजनिक भविष्य निधि (पीपीएफ) और बालिका बचत योजना 'सुकन्या समृद्धि' की ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया गया है।

राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी) पर एक जनवरी से सात फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। अभी यह 6.8 फीसदी है। इसी तरह, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना में मौजूदा 7.6 प्रतिशत के मुकाबले आठ प्रतिशत ब्याज मिलेगा।

एक से पांच साल की अवधि की डाकघर सावधि जमा योजना पर ब्याज दरें 1.1 प्रतिशत तक बढ़ जाएंगी।

मासिक आय योजना में भी 6.7 प्रतिशत की जगह अब 7.1 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)