जरुरी जानकारी | पीएमसी बैंक के समाधान की दिशा में शुरुआती प्रतिक्रिया ‘सकारात्मक’ दिखी है: रिजर्व बैंक गवर्नर

मुंबई, चार दिसंबर रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को कहा कि संकट से जूझ रहे पंजाब एण्ड महाराष्ट्र सहकारी बैंक (पीएमसी) बैंक के पुनरूद्धार के लिये संभावित निवेशकों की ओर से मिली प्रतिक्रिया अब तक ‘‘सकारात्मक’’ रही है।

धोखाधड़ी का शिकार हुये इस बहु-राज्यीय शहरी सहकारी बैंक ने पिछले महीने पुनरुद्धार के लिये संभावित निवेशकों से उसमें निवेश और इक्विटी भागीदारी के लिये रुचि पत्र आमंत्रित किये हैं। इसके लिये सूचना ज्ञापन जारी करने की समयसीमा 20 नवंबर और बोली पूर्व स्पष्टीकरण प्राप्त करने के लिये 30 नवंबर की तिथि तय की गई थी।

यह भी पढ़े | Mika Singh ने कंगना रनौत की देश भक्ति पर उठाया सवाल, कहा-आप एक्टिंग करो ना यार.

आरबीआई की द्वैमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करने के बाद गवर्नर दास ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अब तक जो प्रतिक्रिया दिखी है वह सकारात्मक रही है। बैंक और उसका प्रबंधन पूरी तरह से निवेशकों के साथ काम में लगा हुआ है। जिन निवेशकों ने सूचना ज्ञापन लिया है प्रबंधन उनके साथ पूरी तरह से जुड़ा हुआ है।’’

दास ने कहा कि संभावित निवेशकों द्वारा रुचि पत्र सौंपने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर है। ‘‘देखते हैं क्या प्रतिक्रिया रहती है, उसके बाद ही हम इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट रुख ले सकते हैं।’’

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: यहां लाखों कर्मचारियों को मिला नए साल का तोहफा, 1 जनवरी 2021 से मिलेगा फायदा.

रिजर्व बैंक ने सितंबर 2019 को पीएमसी बैंक के निदेशक मंडल को हटाकर उसका नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया था। इसके साथ ही बैंक पर कई तरह के नियामकीय प्रतिबंध भी लगा दिये गये थे। बैंक में वित्तीय अनियमिततायें पाये जाने के बाद यह निर्णय लिया गया। रीयल एस्टेट कंपनी एचडीआईएल को दिये गये कर्ज के बारे में भ्रामक जानकारी और तथ्यों को छिपाया गया।

केन्द्रीय बैंक ने इस साल सितंबर में ए.के. दिक्षित को बैंक का नया प्रशासक नियुक्त किया है।

दास ने शुक्रवार को मौद्रिक नीति की समीक्षा जारी करते हुये कहा, ‘‘वित्तीय स्थिरता को बनाये रखने और हमारे एजेंडा में जमाकर्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दिये जाने के चलते हम दो अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों में स्थिति को तुरंत संभाल सके हैं।’’

वर्ष 2020 में निजी क्षेत्र के दो बैंकों -- यस बैंक और लक्ष्मी विलास बैंक-- को बचाया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)