देश की खबरें | अजमेर में भड़काऊ भाषण मामला : गौहर चिश्ती को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया

जयपुर, 15 जुलाई अजमेर दरगाह के मुख्य द्वार पर 17 जून को कथित रूप से भड़काऊ भाषण देने के आरोपी गौहर चिश्ती को कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार शाम को मजिस्ट्रेट की अदालत में समक्ष पेश किया गया। मजिस्ट्रेट की अदालत ने उसे सात दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

गौहर चिश्ती को अजमेर पुलिस ने बृहस्पतिवार को हैदराबाद (तेलंगाना) से गिरफ्तार किया था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भड़काऊ भाषण मामले में बृहस्पतिवार को हैदराबाद से गिरफ्तार गौहर चिश्ती को शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

उन्होंने बताया कि ‘‘ अदालत से जांच के लिये गौहर की 10 दिन की हिरासत पुलिस को देने का अनुरोध किया गया था, लेकिन मजिस्ट्रेट ने 22 जुलाई तक आरोपी को पुलिस हिरासत में रखकर पूछताछ की अनुमति दी। विस्तृत जांच के लिए हिरासत मांगी गई थी। सभी बिंदुओं पर जांच करेंगे।’’

उन्होंने बताया कि आरोपी गौहर चिश्ती को शरण देने वाले मुनव्वर को भी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था। शरण देने की विधि अनुसार जो धाराएं हैं, उनके अनुसार उसको जमानत दी गई है, लेकिन उससे पूछताछ जारी रहेगी।

अजमेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि गौहर चिश्ती के खिलाफ कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उसके बाद से वह फरार चल रहा था और 29 जून के बाद से वह राजस्थान के बाहर चला गया था।

उन्होंने बताया कि गौहर चिश्ती को बृहस्पतिवार को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया था और उसे ट्रांजिट रिमांड पर अजमेर लाया गया, जहां शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

दरगाह के एक खादिम (मौलवी) गौहर चिश्ती पर आरोप है कि उसने अजमेर शरीफ दरगाह के मुख्य द्वार पर जिसे निजाम गेट कहा जाता है,17 जून को मुस्लिम समुदाय की आयोजित एक रैली से पूर्व भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा के खिलाफ पुलिस की मौजूदगी में कथित भड़काऊ भाषण दिया था।

इस संबंध में एक प्राथमिकी 25 जून की रात को दर्ज की गई थी।

उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की 28 जून को निर्मम हत्या की घटना के बाद अजमेर पुलिस हरकत में आई और गौहर के साथ मौजूद चार लोग फकर जमाली, रियाज और तामिज को 29 जून को गिरफ्तार किया। वहीं चौथे आरोपी को 30 जून को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कथित तौर पर विवादास्पद नारे लगाये थे और अभद्र के वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)