देश की खबरें | जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी से भारत का मान बढ़ा : दिल्ली के उपराज्यपाल

नयी दिल्ली, 14 सितंबर दिल्ली के उप राज्यपाल वी.के. सक्सेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन से भारत का मान बढ़ा है और देश का नेतृत्व और मजबूत हुआ है।

सक्सेना गत शनिवार और रविवार हुए जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद के कर्मियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे गर्व महसूस हो रहा है कि मैं उस बल के बीच खड़ा हूं जिसने अपनी कार्य संस्कृति और कड़ी मेहनत से देश को गौरवान्वित किया। मैं प्रधानमंत्री को भी धन्यवाद ज्ञापित करना चाहता हूं जिन्होंने जी20 की सबसे बड़ी बैठक की मेजबानी दिल्ली को करने का मौका दिया।’’

सक्सेना ने कहा कि दिल्ली में शिखर सम्मेलन की मेजबानी से भारत का मान बढ़ा है और देश का नेतृत्व और मजबूत हुआ है जिसे कुछ शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

सक्सेना ने दिल्ली को सम्मेलन के लिए साफ-सुथरा बनाने वाले सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की कोशिश की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत बड़ी उपलब्धि है जिसे हम मिलकर मना रहे हैं। बहुत कम समय में हम अपनी दिल्ली को सुंदर बनाने में सफल हुए।’’

सक्सेना ने कहा, ‘‘मुझे जानकारी दी गई कि शहर को सजाने के लिए लगाए गए 6.5 लाख गमलों में से शायद 22 की चोरी हुई है। मैं मानता हूं कि जो इन 22 गमलों को लेकर गए हैं वे उन्हें लौटा देंगे क्योंकि वे शर्म महसूस करेंगे। यह (सजावट) हमारे शहर के लिए की गई थी।’’

जी20 शिखर सम्मेलन का आयोजन नयी दिल्ली के ‘भारत मंडपम’ में किया गया जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक सहित तमाम विश्व नेताओं ने हिस्सा लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)