नयी दिल्ली, आठ अगस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व विश्वविद्यालय खेलों में भारत के बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना करते हुए मंगलवार को कहा कि यह ऐसा प्रदर्शन है जिस पर हर भारतीय को गर्व होगा।
भारत ने चीन के चेंगदू में 11 स्वर्ण सहित रिकॉर्ड 26 पदक जीते। विश्व विश्वविद्यालय खेलों (डब्ल्यूयूजी) में यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ खेल में ऐसा प्रदर्शन जो हर भारतीय को गौरवान्वित करेगा। हमारे अविश्वसनीय खिलाड़ियों को सलाम जिन्होंने देश का गौरव बढ़ाया और आने वाले खिलाड़ियों को प्रेरित किया।’’
उन्होंने कहा कि 31वें विश्व विश्वविद्यालय खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड 26 पदक जीते।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, इसमें 11 स्वर्ण, 5 रजत और 10 कांस्य शामिल हैं।’’
भारत इन खेलों की पदक तालिका में सातवें स्थान पर रहा।
भारत ने विश्व विश्वविद्यालय खेलों के इस सत्र में पिछले सभी खेलों से अधिक पदक जीते। विश्व विश्वविद्यालय खेल 2023 से पहले भारत ने इन खेलों में सिर्फ 21 पदक (छह स्वर्ण, छह रजत और नौ कांस्य) जीते थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY