नयी दिल्ली, 23 अगस्त रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को चन्द्रयान-3 के लैंडर विक्रम के चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक अपना कदम रखने पर देशवासियों और वैज्ञानिकों को बधाई दी और कहा कि यह सफलता भारत की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में क्षमता और शक्ति का प्रमाण है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "मिशन चंद्रयान 3 की सफलता पर टीम इसरो को बहुत बधाई।अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धियां अब अभूतपूर्व ऊंचाइयों को छू चुकी हैं। सारा देश उन वैज्ञानिकों पर गर्व महसूस कर रहा है जिन्होंने अपनी बुद्धिमत्ता, मेहनत और प्रबल इच्छाशक्ति से इस मिशन की सफलता के साथ इतिहास रच दिया है।"
उन्होंने कहा कि विक्रम लैंडर की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग के साथ, भारत ने अंतरिक्ष अन्वेषण के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
उन्होंने कहा, "यह 140 करोड़ भारतीयों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि भारत दुनिया में चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर लैंड करने वाला पहला देश बन गया है। यह सफलता भारत की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में क्षमता और शक्ति का प्रमाण है।"
चन्द्रयान-3 के लैंडर विक्रम ने आज चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक अपना कदम रखा और इसी के साथ भारत चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश हो गया है।
चन्द्रयान-3 मिशन 14 जुलाई को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से चन्द्रमा के लिए रवाना हुआ था। 43 दिन की यात्रा पूरी करने के बाद आज चन्द्रयान-3 का लैंडर विक्रम पृथ्वी के प्राकृतिक उपग्रह चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर धीरे-धीरे उतरा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY