जरुरी जानकारी | उज्बेकिस्तान को आम, केला, सोयाबीन की खली का निर्यात करेगा भारत

नयी दिल्ली, 28 जुलाई भारत, उज्बेकिस्तान को आम, केले और सोयाबीन की खली का निर्यात करेगा। दोनों देश कृषि क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने के इच्छुक हैं।

भारत उज्बेकिस्तान से अंगूर, आलूबुखारा और मीठी चेरी का आयात करेगा।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार उज्बेकिस्तान के उप प्रधानमंत्री जमशेद खोदजायेव और केंद्रीय कृषि तथा किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बृहस्पतिवार को यहां एक सार्थक चर्चा की।

बयान के मुताबिक, दोनों पक्ष कृषि क्षेत्र में जारी सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए।

तोमर ने कहा, ‘‘भारत ने उज्बेकिस्तान को अंगूर, आलूबुखारा और मीठी चेरी के लिए बाजार पहुंच देने का फैसला किया है, जिसके लिए अधिसूचना जल्द ही प्रकाशित की जाएगी। दूसरी ओर भारत को आम, केला और सोयाबीन की खली के निर्यात के लिए उज्बेक पक्ष से मंजूरी मिल गई है।’’

तोमर ने उज्बेकिस्तान से अनार, आलू, पपीता और गेहूं के आयात की अनुमति में तेजी लाने का आग्रह भी किया।

खोदजायेव ने कहा कि कृषि में भारत का अनुभव बहुत अच्छा है, जिसे उज्बेकिस्तान भी दोहराना चाहेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)