एजेंसी न्यूज

IND-W Beat BAN-W 1st T20I: भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को 44 रनों से दी शिकस्त, रेणुका ठाकुर सिंह ने चटकाए तीन विकेट

अब हरमनप्रीत क्रीज पर उतरीं जिन्होंने यास्तिका के साथ मिलकर टीम की रन गति बढ़ायी. हरमनप्रीत ने 11वें ओवर में राबिया पर दो चौकों की मदद से 13 रन जुटाये. यास्तिका ने भी बेहतर तकनीक और टाइमिंग से खेलते हुए 13वें ओवर में बायें हाथ की तेज गेंदबाज फरीहा पर दो चौके जड़कर भारत को 100 रन के पार कराया.

IND-W Beat BAN-W 1st T20I: भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को 44 रनों से दी शिकस्त, रेणुका ठाकुर सिंह ने चटकाए तीन विकेट
टीम इंडिया (Photo Credits: BCCI/Twitter)

सिलहट (बांग्लादेश): तेज गेंदबाज रेणुका सिंह और पूजा वस्त्राकर की जोड़ी ने मिलकर बांग्लादेश के पांच विकेट झटक लिये जिससे भारतीय महिला टीम ने रविवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में मेजबान टीम को 44 रन से शिकस्त दी. टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर और यास्तिका भाटिया के मध्यक्रम में तेजी से रन जुटाये लेकिन अंत में रफ्तार नहीं पकड़ने से सात विकेट पर 145 रन ही बना सकी.

इसके बाद रेणुका की अगुआई में गेंदबाजों ने बांग्लादेश को आठ विकेट पर 101 रन ही बनाने दिये. कप्तान निगार सुल्ताना ने 48 गेंद में 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली लेकिन उन्हें दूसरे छोर पर साथ नहीं मिला. IND-W vs BAN-W 1st T20I: भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को दिया 146 रन का लक्ष्य, यास्तिका भाटिया के खेली शानदार पारी

भारत के लिए रेणुका ने 18 रन देकर तीन विकेट और पूजा वस्त्राकर ने 25 रन देकर दो विकेट प्राप्त किये. रेणुका ने दिलारा अख्तर (04) को अपनी तीसरी ही गेंद पर पगबाधा आउट किया और फिर पांचवें ओवर में सोभना मोस्त्री (06) को बोल्ड किया.

अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा ने फिर मुर्शिदा खातून (13) को पगबाधा आउट किया. फाहिमा खातून (01) सातवें ओवर में पूजा वस्त्राकर की गेंद पर पैड लगाकर पगबाधा आउट हुईं जिससे बांग्लादेश का स्कोर चार विकेट पर 30 रन था. राधा यादव ने शोर्णा अख्तर (11) को जबकि रेणुका ने राबिया खान (02) को आउट किया.

श्रेयंका पाटिल ने नाहिदा अख्तर (09) को पवेलियन की राह दिखायी. अंतिम ओवर में पूजा वस्त्राकर ने सुल्ताना की पारी समाप्त की. इससे पहले भारत शुरूआती ओवरों में तेज गति से रन नहीं बन सका जिसमें करिश्माई सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना महज नौ रन बनाकर आउट हो गयीं.

लेकिन शेफाली वर्मा ने 22 गेंद में 31 रन का योगदान दिया जिसके बाद यास्तिका भाटिया (29 गेंद में 36 रन) और हरमनप्रीत (22 गेंद में 30 रन) ने मिलकर 45 रन की साझेदारी निभायी. इससे भारतीय बल्लेबाज धीमी विकेट की चुनौती से निपटी.

बांग्लादेश की लेग स्पिनर राबिया खान मेजबान टीम के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहीं जिन्होंने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट झटके. मंधाना ने सुल्ताना खातून पर दूसरे ओवर में लगातार दो चौके जड़े. लेकिन भारतीय उप कप्तान फरीहा तृष्णा (23 रन देकर एक विकेट) की गेंद पर शॉट लगाने के प्रयास में बोल्ड हो गयीं.

इस झटके के बाद शेफाली ने खातून की गेंद पर लांग ऑन में बड़ा छक्का जड़कर अपने तेवर दिखाये. शेफाली और यास्तिका ने मिलकर अच्छी रन गति से रन जुटाये जिसमें वे फरीहा और नाहिदा अख्तर की लूज गेंदों पर बाउंड्री लगाती रहीं. लेकिन नौवें ओवर में राबिया खान की गेंद पर शेफाली एक्स्ट्रा कवर में फहीमा को आसान कैच देकर पवेलियन पहुंच गयी.

अब हरमनप्रीत क्रीज पर उतरीं जिन्होंने यास्तिका के साथ मिलकर टीम की रन गति बढ़ायी. हरमनप्रीत ने 11वें ओवर में राबिया पर दो चौकों की मदद से 13 रन जुटाये. यास्तिका ने भी बेहतर तकनीक और टाइमिंग से खेलते हुए 13वें ओवर में बायें हाथ की तेज गेंदबाज फरीहा पर दो चौके जड़कर भारत को 100 रन के पार कराया.

लेकिन क्रीज पर जमी दोनों ही बल्लेबाज एक के बाद एक आउट हो गयीं. हरमनप्रीत 14वें ओवर में फहीमा की गेंद पर पगबाधा आउट हुई जबकि राबिया ने यास्तिका का अहम विकेट झटका. इससे पहले हरमप्रीत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया. पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला इस साल के अंत में बांग्लादेश में होने वाले आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय विश्व कप के लिए ‘ड्रेस रिहर्सल’ का काम करेगी.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2024 07:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).