नयी दिल्ली, सात मई दलगत राजनीति से ऊपर उठते हुए भारत के विभिन्न दलों के नेताओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किए गए मिसाइल हमलों की सराहना की और सोशल मीडिया पर ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ जैसे देशभक्ति के नारे पोस्ट किए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘भारत माता की जय’ कहा, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया पर ‘जय हिंद’ और ‘जय हिंद की सेना’ लिखा।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें सशस्त्र सेनाओं पर गर्व है, ‘‘जय हिंद’’।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जय हिंद! ऑपरेशन सिंदूर!’’
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने भी पोस्ट कर लिखा, ‘‘जय हिंद।’’
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, ‘‘सत्यमेव जयते। जय हिंद की सेना।’’
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सशस्त्र बलों की सराहना की और उनका अभिवादन करते हुए कहा, ‘‘भारतीय सेना जिंदाबाद। जय हिंद।’’
अधिकारियों ने बुधवार को यहां बताया कि प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी मुख्यालयों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत निशाना बनाया गया, जिसमें भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में स्थित नौ ठिकानों पर रात में हमला किया।
सटीक अभियान में निशाना बनाए गए ठिकानों में बहावलपुर में मरकज सुभान अल्लाह, तेहरा कलां में सरजाल, कोटली में मरकज अब्बास और मुजफ्फराबाद में सैयदना बिलाल (सभी प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद आतंकी समूह के हैं) के ठिकाने शामिल थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY