देश की खबरें | भारतीय, नाइजीरियाई छात्रों में झड़प : जी डी गोयनका विश्वविद्यालय करेगा सख्त कार्रवाई

गुरुग्राम, 18 अक्टूबर गुरुग्राम स्थित जी डी गोयनका विश्वविद्यालय उसके परिसर में हाल ही में नाइजीरियाई और भारतीय छात्रों के बीच हुई झड़पों के सिलसिले में सख्त कार्रवाई करेगा।

फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को भारतीय और नाइजीरियाई छात्रों के बीच झड़प होने के बाद सोहना के पास स्थित विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल है।

इस घटना में छह छात्र घायल हुए हैं और झड़प में शामिल दोनों समूहों ने एक-दूसरे के खिलाफ सोहना सिटी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

विश्वविद्यालय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में 22 छात्रों के झड़पों में शामिल होने की पुष्टि के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

इन 22 में से 20 छात्रों के अभिभावकों ने मंगलवार को विश्वविद्यालय प्रबंधन से मुलाकात की। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों को उनके बच्चों के झड़प में शामिल होने की जानकारी दी।

विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार धीरेंद्र सिंह परिहार ने कहा, ‘‘यदि छात्र आंतरिक रिपोर्ट में दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनमें से कुछ को विश्वविद्यालय से निष्कासित भी किया जा सकता है और कुछ को छात्रावास छोड़ना पड़ सकता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)