दमन, 17 अगस्त भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली में दमन तट पर एक डूबती हुई नौका से 14 मछुआरों को हेलिकॉप्टर की मदद से बचाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दमन में तटरक्षक वायु स्टेशन के उप-महानिरीक्षक और कमांडिंग ऑफिसर एसएसएन बाजपेयी ने बताया, ''डूबती नौका पर सवार 11 मछुआरों को हवाई मार्ग (एअरलिफ्ट) के माध्यम से दोपहर में सुरक्षित तट पर लाया गया, जबकि पहले नौका छोड़ने से इनकार करने वाले तीन अन्य मछुआरों को देर शाम को बचाया गया।
मुंबई में पंजीकृत मछली पकड़ने वाली नौका ने मंगलवार को गुजरात के नवसारी से मुंबई के लिए अपनी यात्रा शुरू की थी।
बाजपेयी ने संवाददाताओं से कहा, ''मंगलवार की रात जब नौका दमन तट से लगभग 16 समुद्री मील की दूरी पर थी तभी अचानक उसका इंजन खराब हो गया। इंजन ने जैसे ही काम करना बंद कर दिया, नाव में पानी घुसने लगा और उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। इसी कारण नाव पानी में डूबने लगी।''
बाजपेयी ने कहा कि चालक दल द्वारा इंजन शुरू करने में विफल रहने के बाद, मदद के लिए तटरक्षक बल से संपर्क किया गया।
बाजपेयी ने बताया, बुधवार पूर्वाह्न 11 बजकर 35 मिनट पर एक आपातकाल कॉल आई, जिसके बाद दमन तटरक्षक बल ने अपने वायु स्टेशन से एक हेलीकॉप्टर भेजा और 11 मछुआरों को चार उड़ानों में बचाया गया।
बाजपेयी ने बताया, ''नाव के कप्तान और दो अन्य मछुआरों ने बचाव अभियान में शामिल होने से इनकार कर दिया था, क्योंकि वह इंजन शुरू करके अपनी नाव को बचाना चाहते थे। लेकिन, असफलता हासिल होने के बाद देर शाम को उन्हें हमारे हेलीकॉप्टर की सहायता से बचाया गया और हमारे वायु स्टेशन लाया गया। उन्होंने बताया कि सभी को जल्द ही मत्स्य विभाग को सौंप दिया जाएगा।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY