एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भारतीय सेना सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार है : जनरल द्विवेदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पदभार संभालने के एक दिन बाद सोमवार को कहा कि भारतीय सेना देश के समक्ष सभी मौजूदा और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए तैयार व पूरी तरह सक्षम है।

देश की खबरें | भारतीय सेना सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार है : जनरल द्विवेदी

नयी दिल्ली, एक जुलाई थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पदभार संभालने के एक दिन बाद सोमवार को कहा कि भारतीय सेना देश के समक्ष सभी मौजूदा और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए तैयार व पूरी तरह सक्षम है।

उन्होंने कहा कि थल सेना, वायु सेना और नौसेना के बीच तालमेल सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में से एक होगा।

रायसीना हिल्स के साउथ ब्लॉक में सलामी गारद का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से बातचीत में नव नियुक्त सेना प्रमुख ने यह भी कहा कि वह रक्षा में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए सेना में स्वदेश निर्मित सैन्य उपकरणों को शामिल करने को प्रोत्साहित करेंगे।

जनरल द्विवेदी ने कहा, ‘‘मैं भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना के बीच बेहतर तालमेल बैठाने का प्रयास करूंगा। यह राष्ट्रीय हित की रक्षा करेगा।’’

उन्होंने कह, ‘‘मेरा प्रयास होगा कि थलसेना, नौसेना और वायु सेना व अन्य पक्षकारों के बीच तालमेल से हम संघर्ष की स्थिति में युद्ध के लिए हमेशा तैयार रहें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं देश तथा सभी नागरिकों को आश्वस्त करता हूं कि भारतीय सेना सभी मौजूदा व भविष्य की चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए तैयार व पूरी तरह सक्षम है।’’

पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ जारी सीमा विवाद के बीच ये टिप्पणियां की गयी हैं।

जनरल द्विवेदी 19 फरवरी से सेना के उप-प्रमुख का कार्यभार संभाल रहे थे। वह उप प्रमुख का कार्यभार संभालने से पहले 2022-2024 तक उत्तरी कमान के ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ’ रहे थे।

मध्य प्रदेश के रीवा स्थित सैनिक स्कूल के छात्र रहे जनरल द्विवेदी 1984 में भारतीय सेना की जम्मू कश्मीर राइफल्स में शामिल हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2024 10:44 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).