लेह (लद्दाख), 28 अप्रैल केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि भारत वाई20 शिखर सम्मेलन के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी युवा भागीदारी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे दुनिया के सामने मौजूद कुछ सबसे कठिन मुद्दों को हल करने के लिए नए विचार सामने आएंगे।
यहां वाई20 (युवा 20) पूर्व बैठक के समापन पर 30 देशों के 100 से अधिक युवा प्रतिनिधियों से बातचीत में ठाकुर ने कहा कि इस साल देश जी20 अध्यक्षता के तहत भारत में होने वाला कार्यक्रम ‘‘युवा-केंद्रित प्रयासों का उदाहरण होगा और युवाओं द्वारा तथा दुनिया भर के युवाओं के लिए प्रगतिशील नीतिगत उपायों को प्रदर्शित करेगा।’’
अगस्त में वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में वाई20 शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा जिसके लिए यहां 100 से अधिक युवाओं के बीच विचार-विमर्श एक आधार का काम करेगा। यहां आयोजित बैठक की मुख्य बातों को नयी दिल्ली में नेताओं के शिखर सम्मेलन में रखा जाएगा।
यहां प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा, ‘‘भारत वाई20 शिखर सम्मेलन में युवाओं की अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। मुझे विश्वास है कि वाई 20 सचिवालय और टीम युवाओं की भागीदारी में एक रिकॉर्ड स्थापित करेगी।’’
ठाकुर ने कहा, ‘‘मेरा दृढ़ विश्वास है कि 2023 में भारत में वाई 20 शिखर सम्मेलन युवा-केंद्रित प्रयासों का उदाहरण बनेगा और युवाओं द्वारा तथा दुनिया भर के युवाओं के लिए प्रगतिशील नीतिगत उपायों को प्रदर्शित करेगा।’’
मंत्री ने दुनिया भर के युवाओं को ‘‘राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय संवाद को आकार देने’’ का आह्वान करते हुए उनके क्षेत्रों के सामने आने वाले मुद्दों का समाधान खोजने में नेतृत्व करने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने भारत के नौ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में वाई 20 बैठकों और परामर्शों का आयोजन किया है। विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 350 विशेषज्ञों और वक्ताओं ने वाई 20 परामर्शों में कई प्रमुख विषयों पर विचारों को साझा किया है। अभी तक वाई20 में 10,000 से अधिक प्रत्यक्ष प्रतिभागियों ने भाग लिया है।’’
चीनी प्रतिनिधि यहां वाई20 पूर्व बैठक में शामिल नहीं हुए, लेकिन मंत्री ने यहां वार्ता में भाग लेने वाले सदस्य देशों का परिचय देते हुए शुक्रवार को अपने भाषण में पड़ोसी देश का जिक्र ‘‘सबसे बड़ी दीवार, कुंग फू मार्शल आर्ट और विशाल पांडा’’ के लिए पहचाने जाने वाले देश के तौर पर किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY