देश की खबरें | भारत अक्टूबर में आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल की मेजबानी करेगा

नयी दिल्ली, आठ अगस्त भारत इस साल अक्टूबर में यहां कर्णी सिंह रेंज में आईएसएसएफ के प्रतिष्ठित निशानेबाजी विश्व कप फाइनल की मेजबानी करेगा।

विश्व कप फाइनल पिस्टल, राइफल और शॉटगन में एलीट निशानेबाजों के लिए सत्र का अंतिम टूर्नामेंट होगा जिससे साल के सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज तय होंगे।

पेरिस ओलंपिक की 12 व्यक्तिगत ओलंपिक निशानेबाजी स्पर्धाओं के सभी पदक विजेताओं ने और साथ ही पिछले साल कतर के दोहा में हुए टूर्नामेंट के खिताबी विजेताओं ने स्वत: ही विश्व कप फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

भारत को मेजबान होने के नाते वाइल्ड कार्ड प्रविष्टियों की अनुमति मिलेगी।

विजेताओं को पदक और ट्रॉफियों के साथ पुरस्कार राशि के रूप में 5000, 4000 और 3000 यूरो दिये जायेंगे।

भारतीय राष्ट्रीय निशानेबाजी संघ (एनआरएआई) के सीनियर उपाध्यक्ष कालीकेश सिंह देव ने कहा, ‘‘2015 में 10वीं एशियाई एयर गन चैम्पियनशिप के बाद यह भारत में 10वां अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी टूर्नामेंट होगा। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)