नयी दिल्ली, तीन अगस्त भारत यूक्रेन की शांति योजना पर शनिवार से तटीय शहर जेद्दा में होने वाले दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेगा। सऊदी अरब द्वारा इस सम्मेलन के लिए चुनिंदा देशों को आमंत्रित किया गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बृहस्पतिवार को कहा कि बैठक में भारत की भागीदारी उसकी लंबे समय से चली आ रही स्थिति के अनुरूप होगी कि बातचीत और कूटनीति ही यूक्रेन संकट को हल करने का रास्ता है।
सम्मेलन में आमंत्रित देशों में कई यूरोपीय देशों के अलावा अमेरिका, चीन और भारत शामिल हैं।
बागची ने साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘‘हां, जेद्दा में यूक्रेन पर सऊदी अरब द्वारा आयोजित एक बैठक में भारत को आमंत्रित किया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत इस कार्यक्रम में भाग लेगा और हमारी भागीदारी हमारी लंबे समय से चली आ रही स्थिति के अनुरूप है कि बातचीत और कूटनीति ही आगे बढ़ने का रास्ता है।’’
हालांकि, बागची ने यह जानकारी साझा नहीं की कि इस सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व कौन करेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY