जरुरी जानकारी | भारत-द. कोरिया द्विपक्षीय व्यापार 2022 में 17 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 27.8 अरब डॉलर पर

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल भारत और दक्षिण कोरिया का द्विपक्षीय व्यापार 2022 में 17.3 प्रतिशत बढ़कर 27.8 अरब डॉलर के रिकॉर्ड पर पहुंच गया। कोरिया व्यापार संवर्धन एजेंसी (केओटीआरए) ने यह जानकारी दी।

दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2021 में 23.7 अरब डॉलर था।

दक्षिण कोरिया का भारत को निर्यात 21 प्रतिशत बढ़कर 18.9 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात 10.5 प्रतिशत बढ़कर 8.9 अरब डॉलर रहा।

दक्षिण कोरिया के भारत में राजदूत चांग जे-बोक ने बुधवार को भारत-‘कोरिया फ्यूचर इंडस्ट्री पार्टनरशिप’ कार्यक्रम 2023 को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भारत और कोरिया को हरित ऊर्जा के महत्वपूर्ण मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए और एक-दूसरे की ताकत से सीखना चाहिए। हरित ऊर्जा, हाइड्रोजन ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन भविष्य हैं। कोरिया 2005 से इलेक्ट्रिक वाहन का उत्पादन कर रहा है और इस मामले में अग्रणी है तथा यह भारत के लिये अच्छा उदाहरण है।’’

भारत-कोरिया राजनयिक संबंधों के 50 साल पूरे होने पर दो दिन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

जे-बोक ने कहा कि गठजोड़ और सहयोग से दोनों देश हरित ऊर्जा को अपनाने के महत्व पर जोर दे सकते हैं और सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में काम कर सकते हैं, जिसके लिए दोनों देश प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम में ‘ऑनलाइन’ जुड़े जी-20 शेरपा अमिताभ कांत ने कहा कि भारत इस समय जी-20 का अध्यक्ष है। हमारा उद्देश्य सतत विकास लक्ष्यों को बढ़ावा देने के लिये देशों को एक साथ लाना है जिससे न केवल भारत बल्कि दुनिया को लाभ होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)