जरुरी जानकारी | आवास मूल्य में जुलाई-सितंबर में 5.9 प्रतिशत वृद्धि के साथ 14वें स्थान पर भारत: रिपोर्ट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारत सितंबर तिमाही में वैश्विक स्तर पर आवास मूल्य वृद्धि के लिहाज से 18 स्थान चढ़कर 14वें स्थान पर पहुंच गया।
नयी दिल्ली, 15 दिसंबर भारत सितंबर तिमाही में वैश्विक स्तर पर आवास मूल्य वृद्धि के लिहाज से 18 स्थान चढ़कर 14वें स्थान पर पहुंच गया।
संपत्ति के बारे में परामर्श देने वाली नाइट फ्रैंक इंडिया के अनुसार इस दौरान देश में आवास मूल्य सालाना आधार पर छह प्रतिशत बढ़ा।
नाइट फ्रैंक का वैश्विक आवास मूल्य सूचकांक स्थानीय मुद्राओं में 56 देशों में मूल्य वृद्धि की निगरानी करता है।
तुर्किये सालाना आधार पर 89.2 प्रतिशत मूल्य वृद्धि के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद क्रोएशिया (13.7 प्रतिशत), यूनान (11.9 प्रतिशत), कोलंबिया (11.2 प्रतिशत) और उत्तरी मैसेडोनिया (11 प्रतिशत) का स्थान है।
नाइट फ्रैंक ने कहा, ''उच्च ब्याज दर के जरिए मुद्रास्फीति से निपटने के केंद्रीय बैंकों के प्रयासों के बावजूद वैश्विक स्तर पर आवास कीमतें बढ़ रही हैं। औसत वार्षिक मूल्य वृद्धि 3.5 प्रतिशत है, जो महामारी से पहले के दस साल के औसत 3.7 प्रतिशत के करीब है।''
नजर रखे जाने वाले 56 बाजारों में 35 में वार्षिक मूल्य वृद्धि हुई, जबकि 21 में गिरावट देखी गई।
नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि मुद्रास्फीति के बढ़े हुए स्तर, मजबूत घरेलू आर्थिक बुनियाद और अपने घर की बढ़ती आकांक्षा के चलते ब्याज लागत अधिक होने के बावजूद भारत के प्रमुख आवासीय बाजारों में मांग बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि शहरीकरण में तेजी के साथ बुनियादी ढांचे के विकास को अतिरिक्त गति मिल रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 15, 2023 04:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

