नयी दिल्ली, चार अगस्त भारत और दक्षिण अमेरिकी देश पेरू ने द्विपक्षीय कारोबार एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत का दौर दोबारा शुरू करने का फैसला किया है।
वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने एफटीए पर बातचीत को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। हम प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर काम करेंगे। सितंबर के बाद हम संवाद शुरू करेंगे।’’
एफटीए के तहत दो देश सेवाओं में व्यापार को बढ़ावा देने और द्विपक्षीय निवेश बढ़ाने के लिए मानदंडों और नियमों में ढील देने के अलावा उनके बीच व्यापार की अधिकांश वस्तुओं पर शुल्क को बहुत कम या खत्म ही कर देते हैं।
पेरू और भारत के बीच एफटीए पर बातचीत का सिलसिला कोविड-19 महामारी से जुड़े गतिरोधों के बाद थम गया था। उस समय दोनों देशों के बीच कुछ दौर की बातचीत हो चुकी थी।
इसके साथ ही बर्थवाल ने कहा कि दक्षिण अमेरिका का एक अन्य देश चिली भी भारत के साथ इसी तरह का समझौता करने की इच्छा जता रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर ये देश भारत के साथ एफटीए के लिए उत्सुक हैं तो हम भी इसकी संभावनाओं पर गौर करेंगे।’’
पेरू दक्षिण अमेरिका एवं कैरेबियाई देशों में से भारत के लिए तीसरा बड़ा निर्यात गंतव्य है। वित्त वर्ष 2022-23 में भारत और पेरू का द्विपक्षीय व्यापार 3.11 अरब डॉलर रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY