देश की खबरें | भारत 2025 में आईआईएएस के वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी का इच्छुक

नयी दिल्ली, 14 जून भारत ने 2025 में केरल में आईआईएएस (इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज) के वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी करने की इच्छा व्यक्त की है।

कार्मिक मंत्रालय ने इस संबंध में एक बयान जारी किया है।

वर्ष 1930 में स्थापित आईआईएएस- सदस्य देशों, राष्ट्रीय अनुभागों और शैक्षणिक अनुसंधान केंद्रों का एक संघ है जिसका मुख्यालय बेल्जियम के ब्रसेल्स में स्थित है। यह दैनिक नीतिगत चुनौतियों के लिए लोक प्रशासन समाधानों पर काम करता है।

कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, ‘‘भारत ने फरवरी, 2025 में केरल के कोच्चि में 2025 आईआईएएस के वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी करने की इच्छा व्यक्त की है।’’

प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग के सचिव वी. श्रीनिवास ने बुधवार को एक वर्चुअल बैठक में प्रशासनिक परिषद की बैठक के दौरान भारत सरकार के इस निर्णय की जानकारी दी।

बयान के अनुसार, आईआईएएस के 2025 वार्षिक सम्मेलन में 30 सदस्य देशों, 18 राष्ट्रीय अनुभागों और सदस्य राष्ट्रों के 50 से अधिक आईआईएएस विश्वविद्यालयों/सार्वजनिक प्रशासन संस्थानों के भाग लेने की संभावना है।

भारत के बयान में कहा गया है, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में कार्य करते हुए भारत के शासन परिदृश्य में स्तर, कार्यक्षेत्र और सीखने के प्रतिमानों में व्यापक परिवर्तन आया है।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘भारत आधुनिक समय के डिजिटल संस्थानों के निर्माण में सफल रहा है, जो लाखों भारतीयों को ई-सेवाओं और डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे से लाभान्वित करते हैं...देश की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘विकसित भारत’ की थीम के तहत सरकार व नागरिकों के बीच की खाई को पाटकर अगली पीढ़ी के सुधारों को अपनाने का आह्वान किया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)