देश की खबरें | बुरी नजर डालने वालों को मुंहतोड़ जवाब दे रहा है भारत: : नड्डा

शिवसागर (असम), 18 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने रविवार को कहा कि देश पर बुरी नजर डालने वालों को भारत मुंहतोड़ जवाब दे रहा है।

नड्डा ने यह भी कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तहत पिछले नौ वर्षों में देश विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने यहां पार्टी की एक रैली में कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने भारत की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे डोकलाम (भारत और चीन के सेना के बीच) गतिरोध हो या सर्जिकल स्ट्राइक, भारत ने दिखाया है कि कोई भी हम पर बुरी नजर नहीं डाल सकता।’’

नड्डा ने यह भी कहा कि केंद्र में राजग सरकार के नौ साल के दौरान कड़े निर्णय लिये गए, जिन्होंने देश को आगे बढ़ाया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता नड्डा ने कहा, ‘‘वर्ष 2014 से पहले, भारत भ्रष्टाचार, नीतिगत पंगुता और घोटालों के लिए जाना जाता था। अब, हम एक निर्णायक, मजबूत और आगे बढ़ने वाली सरकार के लिए जाने जाते हैं।’’

उन्होंने विपक्षी पार्टी पर निशाना साधते हुए दावा किया, ‘‘कांग्रेस केवल तुष्टिकरण, वोट बैंक, भ्रष्टाचार की राजनीति जानती है... हमारे ही लोगों के बीच टकराव भड़काती है।’’

नड्डा ने कहा कि वर्तमान शासन के तहत देश की छवि में, विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय मंच पर, भारी बदलाव आया है। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे वह ‘सेवा हो, सुशासन हो, गरीब-कल्याण' हो, केंद्र सरकार ने सभी मोर्चों पर काम किया है।’’

उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं में केंद्र द्वारा 2014-22 के बीच 18 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया है, अकेले 2023 में अनुमानित राशि 10 लाख करोड़ रुपये है।

नड्डा ने कहा कि पिछले नौ साल में देशभर में तेज गति से सड़कें बनी हैं, नयी ट्रेनें शुरू की गई हैं, रेल पटरियों का विद्युतीकरण किया गया है और बड़ी संख्या में हवाईअड्डों का निर्माण किया गया है।

मुद्रास्फीति और मूल्य वृद्धि पर विपक्ष के आरोपों का खंडन करते हुए, उन्होंने कहा कि भारत की सकल घरेलू उत्पाद की विकास दर अमेरिका के 5.9 प्रतिशत, ऑस्ट्रेलिया के 2.2 प्रतिशत और जर्मनी के 2.6 प्रतिशत के मुकाबले 8.7 प्रतिशत है।

नड्डा ने 'आत्मनिर्भर भारत' की पहल, लाभार्थियों को सीधे बैंक अंतरण और गरीबी पर अंकुश लगाने के लिए उठाए गए कदमों पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आपके (असम) मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व के कारण संभव हुआ है, हम लोगों के समर्थन के लिए भी आभारी हैं।’’

नड्डा इससे पहले दिन में अरुणाचल प्रदेश से डिब्रूगढ़ के लिए रवाना हुए थे और वहां उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम सुना।

नड्डा पार्टी के 'जनसंपर्क' कार्यक्रम के तहत जोरहाट के गणमान्य नागरिकों के आवास भी गए और राज्य के पूर्वी हिस्से के दिनभर के दौरे के दौरान शिवसागर के शिवदौल में मत्था टेका।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)