नयी दिल्ली, 18 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा पारित राजनीतिक प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की गई है और उन्हें ‘‘न केवल देश बल्कि दुनिया के सर्वोच्च और सबसे लोकप्रिय नेता’’ के रूप में बताया गया है।
इसमें कहा गया है कि मोदी के नेतृत्व में भारत को जी20 और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगठनों की अध्यक्षता मिलने से देश के इतिहास में ‘नए अध्याय’ लिखे गए हैं।
प्रस्ताव में कहा गया है कि पूरी दुनिया अब भारत की ताकत और क्षमताओं को जान गई है, जो कोरोना संकट और रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान सही मायने में प्रदर्शित हुई।
इसमें कहा गया है कि मोदी के ‘‘शक्तिशाली और दूरदर्शी’’ नेतृत्व में भारत एक निर्णायक, दूरदर्शी और मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है।
प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देती है, जो न केवल देश बल्कि दुनिया के सर्वोच्च और सबसे लोकप्रिय नेता हैं।’’
भाजपा ने बुधवार को अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा पारित प्रस्ताव को साझा किया। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक मंगलवार को समाप्त हुई थी।
प्रस्ताव में कहा गया है कि जी20, एससीओ और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद जैसी तीन बड़ी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं का एक ही साल में अध्यक्ष बनना दिखाता है कि पूरी दुनिया हमारे देश की ताकत को पहचानती है।
प्रस्ताव में कहा गया है कि ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से लेकर पाकिस्तान और चीन के मुद्दों तक, विपक्ष का दुष्प्रचार हमेशा विफल रहा है।
इसमें कहा गया है, ‘‘मनगढ़ंत आरोप लंबे समय तक नहीं टिकते। बीस साल तक विपक्ष ने गुजरात दंगों के मामले में मोदी जी को बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन हमारे सर्वोच्च नेता ने ‘नीलकंठ’ की तरह इस अपमान को झेलते हुए केवल देश के विकास पर ध्यान दिया। उच्चतम न्यायालय ने उन्हें ‘क्लीन चिट’ देकर इस दुष्प्रचार पर विराम लगा दिया।’’
प्रस्ताव में कहा गया है कि विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के नतीजे दिखाते हैं कि सभी भारतीय मोदी की गरीब-समर्थक कल्याणकारी नीतियों और नवोन्मेषी दृष्टि से गहरा जुड़ाव रखते हैं। इसमें कहा गया है, ‘‘गुजरात में ‘‘मोदी मैजिक’’ ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।’’
अपने प्रतिद्वंद्वियों, विशेष रूप से आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए, उनका नाम लिए बिना, प्रस्ताव में कहा गया है कि जनता ने बड़े बड़े दावे करने वालों को करारी शिकस्त दी।
पार्टी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा कांग्रेस से हार गई, लेकिन हार का अंतर एक प्रतिशत से भी कम था।
उसने कहा कि इसने पिछले साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी सरकारें बनाईं।
भाजपा ने इस साल नौ राज्यों - त्रिपुरा, मेघालय, नगालैंड, कर्नाटक, मिजोरम, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव जीतने का भी संकल्प लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY