कूच बिहार (पश्चिम बंगाल), 25 जनवरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को विश्वास जताया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) देशभर में अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर लड़ेगा। एक दिन पहले ही ‘इंडिया’ के घटक दल तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने राज्य में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ने बृहस्पतिवार को असम से पश्चिम बंगाल में प्रवेश किया और यह कूच बिहार जिले के बशीरहाट पहुंची।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने यहां पहुंचने पर राहुल गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर नफरत और हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि यात्रा से ‘न्याय’ शब्द को इसलिए जोड़ा गया है क्योंकि ‘देशभर में अन्याय व्याप्त है’।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा और आरएसएस नफरत और हिंसा फैला रहे हैं। हमने यात्रा के साथ ‘न्याय’ शब्द जोड़ा है क्योंकि देशभर में अन्याय व्याप्त है। ‘इंडिया’ गठबंधन देशभर में व्याप्त अन्याय के खिलाफ लड़ेगा।’’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अचानक घोषणा की कि लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में अकेले मैदान में उतरेगी। इससे विपक्षी गठबंधन को झटका लगा।
इसके बाद कांग्रेस की प्रतिक्रिया आई कि ममता बनर्जी के बिना ‘इंडिया’ गठबंधन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
तृणमूल कांग्रेस ने राहुल की यात्रा के बारे में सूचना नहीं होने का हवाला देते हुए इसमें शामिल नहीं होने की बात कही है। वहीं राज्य में और ‘इंडिया’ गठबंधन में कांग्रेस के सहयोगी माकपा और अन्य वाम दल ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में भाग ले सकते हैं।
पश्चिम बंगाल में यह यात्रा 523 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और छह जिलों तथा छह लोकसभा क्षेत्रों से गुजरेगी।
अप्रैल-मई 2021 में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद से यह राहुल गांधी का पहला प्रदेश दौरा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY