देश की खबरें | कोविड-19 को देखते हुए मध्यप्रदेश में सार्वजनिक तौर पर नहीं मनाया जायेगा स्वतंत्रता दिवस
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भोपाल, 22 जुलाई कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने इस वर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले पारंपरिक सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं करने का निर्णय लिया है।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में यह भी तय किया गया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर केवल प्रदेश स्तरीय एक आयोजन प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित किया जायेगा।

यह भी पढ़े | कोरोना के उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 2,308 नए मामले पाए गए: 22 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

मिश्रा ने कहा कि अब तक 15 अगस्त पर स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में जिला एवं तहसील स्तर पर निर्वाचित जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किये जाते थे। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए इस प्रकार के कार्यक्रम इस वर्ष आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि हम सभी जानते हैं कोविड-19 का संक्रमण फैलता जा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम भोपाल में एक ही स्थान पर आयोजित किया जायेगा।’’

यह भी पढ़े | कोरोना संकट के बीच केरल के अलुवा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और छह पंचायतों में लगाया गया कर्फ्यू, सिर्फ केमिस्ट की दुकानें को होगी 24 घंटे खुलने की अनुमति.

मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री और उनकी मंत्रिपरिषद के सहयोगी भोपाल में इस मुख्य समारोह में शामिल होंगे।

मिश्रा ने बताया, ‘‘ पहले की तरह इस साल सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं किये जायेगें, जिसमें बच्चे और शिक्षक शामिल होते थे। इस साल परेड और अन्य प्रशासनिक कार्यक्रम भी आयोजित नहीं किये जाएंगे।’’

उन्होंने बताया कि जिला एवं तहसील स्तर पर अधिकारी स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम करेंगे लेकिन इसमें कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं किया जायेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)