देश की खबरें | स्वतंत्रता दिवस: कांग्रेस नेताओं ने ‘आजादी गौरव यात्रा’ निकाली, सोनिया ने सरकार पर निशाना साधा

नयी दिल्ली, 15 अगस्त कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोमवार को पार्टी मुख्यालय से ‘गांधी स्मृति’ तक ‘आजादी गौरव यात्री’ निकाली।

कांग्रेस नेताओं ने 30 जनवरी मार्ग स्थित ‘गांधी स्मृति’ पहुंचकर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह वही स्थान हैं जहां 30 जनवरी, 1948 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या की गई थी। कांग्रेस नेताओं ने देश की एकता के लिए काम करने का संकल्प भी लिया।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण, सोमवार को पार्टी की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में ध्वजारोहण किया।

सोनिया ने एक बयान जारी कर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने आजादी के बाद 75 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन आज की ‘आत्ममुग्ध सरकार’ स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने बीते 75 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन आज की आत्ममुग्ध सरकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है, जिसे कदापि स्वीकार नहीं किया जा सकता है।’’

राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, "स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर आज कांग्रेस पार्टी का 'आज़ादी गौरव मार्च'। हमारे देश ने 75 साल पहले पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा के पथ पर चलने की ताकत दिखाई। "

उन्होंने कहा, "आज हम अपने कांग्रेस परिवार के साथ 'आज़ादी गौरव मार्च' निकाल कर, सभी स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद कर रहे हैं।"

कांग्रेस नेता ने कहा, "हम शपथ लेते हैं कि हम हमेशा देश और देशवासियों की सेवा करेंगे, किसी भी हाल में देश को नफरत की आंधी से, जाती-धर्म, के भेदभाव से बंटने नहीं देंगे। जय हिंद।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)