देश की खबरें | त्रिपुरा में स्वतंत्रता दिवस समारोहों की शुरुआत

अगरतला, 13 अगस्त त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शनिवार को साईकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर राज्य में तीन दिवसीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरूआत की।

मुख्यमंत्री ने राज्य के सिविल सचिवालय के सामने तिरंगा भी फहराया। इस दौरान उनके कैबिनेट सहयोगी और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने उमाकांत अकादमी में स्कूली छात्रों के कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं लोगों से अपील करता हूं कि स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में वे 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराएं।’’

राज्य सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत 5.37 लाख मकानों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है।

राज्य में 15 अगस्त को मुख्य कार्यक्रम का आयोजन असम राइफल्स मैदान में होगा जहां मुख्यमंत्री झंडा फहराएंगे। राज्यपाल सत्यदेव एन. आर्य सर्किट हाउस में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और लिछुबगान में एल्वेर्ट एक्का पार्क में भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि देश की आजादी के 75 साल पूरे होने पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर पूर्वोत्तर राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)