कोलकाता, 15 अगस्त देश के अन्य हिस्सों की तरह पश्चिम बंगाल में भी पूरे हर्षोल्लास से मंगलवार को 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया और प्रत्येक मोहल्ले में तिरंगा फहराया गया और सुबह प्रभात फेरी निकाली गई जिसमें सुभाष चंद्र बोस, खुदीराम बोस सहित अन्य राष्ट्रीय नायकों की तस्वीर लिए लोग चल रहे थे।
राज्यपाल सी वी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बनर्जी ने चर्चित रेड रोड पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और इस मौके पर विभिन्न झांकियों के जरिये राज्य सरकार की सामाजिक कल्याण की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर पुलिस और स्कूली छात्रों ने परेड़ किया।
बोस ने उत्तर 24 परगना के बैरकपुर स्थित गांधी घाट और यहां मेयो रोड पर स्थापित गांधी प्रतिमा पर राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित की और क्रांतिकारी अरविंद घोष को श्रद्धांजलि देने के लिए शेक्सपियर सरणी स्थित अरविंद भवन गए। अरविंद घोष ने बाद में अध्यात्म का मार्ग अपनाया था।
शाम को, मुख्यमंत्री ने राजभवन में राज्यपाल द्वारा आयोजित चायपान कार्यक्रम में हिस्सा लिया और उनसे मुलाकात की।
कुलपतियों की नियुक्ति और राज्य विधानसभा द्वारा पारित विधेयकों पर हस्ताक्षर करने जैसे मुद्दों पर बनर्जी और उनके कैबिनेट मंत्रियों का राज्यपाल के साथ कई बार टकराव हुआ। उन्होंने राज्यपाल पर अपनी सीमा लांघने का भी आरोप लगाया था लेकिन बोस अपनी बात पर अड़े रहे।
हालांकि, चायपान कार्यक्रम में यह कड़वाहट नदारद रही।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय पर ध्वजारोहण किया और एक अन्य स्थान पर शहीद खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि दी।
शहर के विभिन्न इलाकों में तिरंगे लहराए गए और क्लबों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने अपने स्थानीय कार्यालयों पर झंडे फहराए, जबकि कई संगठनों ने सुबह जुलूस निकाले जिनमें बच्चे तिरंगा लेकर देशभक्ति के गीत गाते हुए मार्च कर रहे थे।
राज्य और केंद्र सरकार के कार्यालयों और सार्वजनिक उपक्रमों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराए गए जहां कर्मचारियों ने इस अवसर पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्स लिया।
पूरे दिन, इको पार्क, भारतीय संग्रहालय, अलीपुर जेल संग्रहालय और अन्य पर्यटन स्थलों पर लोगों की भीड़ दिखी जबकि मॉल और सिनेमाघर युवाओं से भरे रहे।
कई मिठाई की दुकानों ने तिरंगे के रंग केसरिया, सफेद और हरे रंग में रंगी विशेष मिठाई ‘स्वाधीनता संदेश’ बनायी जिनकी बहुत मांग रही।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY