भुवनेश्वर, 12 दिसंबर आयकर विभाग ने ओडिशा के बोलांगीर जिले में देशी शराब निर्माण इकाई से संबधित परिसरों में अपना छह दिवसीय तलाशी अभियान मंगलवार को समाप्त कर दिया और इस दौरान 350 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी तथा लगभग तीन किलोग्राम सोना बरामद किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही छापेमारी पूरी हुई, आयकर टीम सुतापाड़ा स्थित कंपनी के दो प्रबंधकों को पूछताछ के लिए अज्ञात स्थान पर ले गई।
कंपनी का स्वामित्व झारखंड निवासी कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू के परिवार के पास है।
हालांकि, कांग्रेस की ओडिशा इकाई ने दावा किया कि पार्टी का भारी मात्रा में मिली बेहिसाबी नकदी से कोई संबंध नहीं है। इसे देशभर में किसी जांच एजेंसी द्वारा महज एक कार्रवाई के तहत बरामद की गई अब तक की सर्वाधिक धनराशि बताया जा रहा है।
कर चोरी के संबंध में एक गुप्त सूचना के बाद, आयकर विभाग के अधिकारियों ने छह दिसंबर को ओडिशा में छह स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। बोलांगीर और संबलपुर में बैंक कर्मचारियों सहित 200 से अधिक लोग नकदी की तलाशी और गिनती में लगे हुए थे।
छापेमारी बोलांगीर, टिटलागढ़, बौध, राउरकेला, सुंदरगढ़ और भुवनेश्वर में की गई। आयकर विभाग के महानिदेशक संजय बहादुर छापेमारी की निगरानी के लिए भुवनेश्वर में डेरा डाले रहे।
इस बीच, राजनीतिक दलों ने अपना विरोध तेज कर दिया और आयकर विभाग के छापों पर एक-दूसरे पर आरोप लगाया।
विपक्षी भाजपा की महिला मोर्चा ने मंगलवार को भुवनेश्वर में प्रदर्शन किया और साहू का पुतला जलाया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शराब कारोबारियों के साथ उनके संबंधों और नकदी जब्त होने को लेकर सीबीआई जांच की मांग की।
भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्य की बीजद सरकार के संरक्षण के कारण ओडिशा में देशी शराब का कारोबार चल रहा है और कर चोरी हुई है।
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष शरत पटनायक ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि उनकी पार्टी का राज्य में देशी शराब के कारोबार से बनाए गए काले धन से कोई लेना-देना नहीं है।
पटनायक ने कहा, "देश भर के भाजपा नेता कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं। हालांकि, आयकर विभाग अब तक चुप है। उसने पैसे के स्रोत और कांग्रेस की कथित संलिप्तता के बारे में अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है।"
संबंधित घटनाक्रम में, अधिकारियों ने कहा कि तीन सदस्यीय ईडी टीम ने मंगलवार को भुवनेश्वर में आयकर विभाग के कार्यालय का दौरा किया। हालांकि, इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि क्या ईडी मामले की जांच अपने हाथ में लेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY